आजमगढ़। जनपद में आगामी 12 अक्तूबर को सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा तथा सहायक वन संरक्षक/क्षेत्रीय वन अधिकारी (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 का आयोजन होना है। परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए हरिऔध कला केंद्र में सेक्टर/स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों की कार्यशाला आयोजित की गई।
डीएम रविंद्र कुमार ने कहा कि परीक्षा को सुचिता व गुणधर्मिता के साथ संपन्न कराने में सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेट की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा दिवस पर सभी अधिकारी समय से ड्यूटी पर पहुंचें तथा केंद्रों पर सीसीटीवी, पुलिस बल व प्रवेश व्यवस्था की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित हो।
डीएम ने बताया कि परीक्षा दो पालियों में 27 केंद्रों पर आयोजित होगी, जिसमें लगभग 12,000 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश परीक्षा शुरू होने से 90 मिनट पूर्व शुरू होगा तथा 45 मिनट पूर्व बंद कर दिया जाएगा।
प्रश्नपत्र व उत्तर पुस्तिका की सुरक्षा, बायोमेट्रिक जांच, अभ्यर्थियों की तलाशी, विद्युत आपूर्ति, पुरुष व महिला कांस्टेबल की तैनाती आदि पर भी विशेष बल दिया गया। डीएम ने अधिकारियों को सोशल मीडिया पर नकारात्मक प्रचार से बचने की चेतावनी दी और विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से परीक्षा सकुशल सम्पन्न होगी। कार्यशाला में जिला विद्यालय निरीक्षक उपेंद्र कुमार सहित सभी संबंधित अधिकारी, सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।