संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन समालखा के हथवाला गांव से मिठाई के तीन नमूने लेकर जांच को भेजे। टीम ने खोया बर्फी, गुलाब जामुन और रसगुल्ला के तीन नमूने लिए हैं। वहीं वीरवार को टीम ने तहसील कैंप, सनौली रोड, सब्जी मंडी से गुलाब जामुन, मावा बर्फी, पनीर, ड्राई फ्रूट और देशी घी के दस नमूने लिए। अब तक विभाग ने शुक्रवार समेत 33 नमूने ले चुका है। अब तक इनकी रिपोर्ट नहीं आई है। वहीं दूध-पनीर में वनस्पति घी मिलाया जा रहा है। विभाग के अब लिए नमूने कोई काम नहीं आएंगे।
खाद्य सुरक्षा विभाग अधिकारी डॉ. बिरेंद्र यादव की देखरेख में टीम शुक्रवार को समालखा के हथवाला गांव की त्यागी स्वीट्स दुकान से खोया बर्फी, गुलाब जामुन और रसगुल्ला के तीन नमूने लिए। इनको जांच के लिए चंडीगढ़ लैब में भेजा है। विभाग ने अब समालखा से पांच, सनौली रोड के मावा भंडारों से 11, बुधवार को उरलाना कला से चार, वीरवार को शहर के विभिन्न स्थानों से दस और शुक्रवार को समालखा से तीन खाद्य पदार्थों के नमूने लिए हैं। इनकी जांच रिपोर्ट आने में 14 दिन का समय लगेगा।
विभाग द्वारा दिवाली से पहले ही खाद्य पदार्थों के नमूने लेने शुरू किए जा चुके हैं। मिलावटखोरों पर विभाग की निगरानी है। शुक्रवार को तीन नमूने लिए गए हैं। यदि जांच में कोई भी नमूना फेल आता है तो उस पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दुकानदारों को हिदायत भी दी जा रही है कि वे ताजा व शुद्ध मिठाई ही बेचे।
डॉ. बिरेंद्र यादव, जिला खाद्य सुरक्षा विभाग अधिकारी।