नगीना। मंगलवार देरशाम नगीना क्षेत्र के गांव भूडबास के एक घर में आग लगने से काफी रुपये का नुकसान हो गया। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उससे पहले आग में भैंस के दो कटरे, बर्तन, गहने, नकदी और कीमती सामान जलकर खाक हो गया। इस आगजनी में लाखों रुपये के नुकसान की भरपाई के लिए ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग उठाई है।
मिली जानकारी के अनुसार भूडबास गांव के रफीक ने बताया कि घर में परिवार के साथ बैठे हुए थे कि अचानक ऊपर से गुजर रहे तारों में शार्ट सर्किट हुआ जिसके कारण झोपड़ी में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने चारपाई, लकड़ी के सामान, बर्तन, नगदी, जेवरात को अपनी चपेट में ले लिया। झोपड़ी में बंध रहे दो भैंस के कटरे भी आग में जल झुलस गए जिनकी बाद में मौत हो गई। सामने खड़े ट्रैक्टर के टायरों में आग लगने लगी लेकिन ट्रैक्टर को बाहर निकलने में मेरे पिता और मुझे लपटों ने झुलसा दिया। उन्होंने बताया कि मौके पर दमकल विभाग की गाड़ी पहुंची उन्होंने ही आग को बुझाने में मदद की। पुलिस की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई। अपने तौर पर गांव वालों ने आग बुझाने के प्रयास किए लेकिन नाकाम रहे। रफीक ने बताया कि तकरीबन एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान आगजनी में हुआ है। नगीना के तहसीलदार पवन बत्रा ने बताया कि हल्का पटवारी से नुकसान की रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट आते ही रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी जाएगी।