दनकौर (दीपक शर्मा)। सपा नेता हरेंद्र नागर की हत्या के दोषियों को फांसी की सजा दिलाने के लिए परिजनों ने हाईकोर्ट जाने का फैसला किया है। सोमवार को जिला अदालत का फैसला आने के बाद भावुक परिजनों ने कहा कि दोषियों को फंसी की सजा दिलाकर रहेंगे।
हरेंद्र के भाई रवि नागर ने अमर उजाला से फोन पर बातचीत में कहा कि जिला अदालत के फैसले से खुशी मिली है। हरेंद्र घर की रीढ़ था। छह साल पहले हत्या से परिवार हताश होकर डरा सहमा रहने लगा था, लेकिन उनके परिवार ने एक दूसरे को मजबूती देकर बदमाशों को सजा दिलाने की हिम्मत जुटाई। जिस समय अदालत में सुनवाई हो रही थी, उन्हें और परिवार को समझौते के लिए बदमाशों ने डराया धमकाया। परिवार इतना डर गया कि अदालत में गवाही के लिए गांव छोड़ना पड़ा। कुछ साल तो बच्चों की पढ़ाई भी स्कूल में नहीं कराई। अब सजा मिलने के बाद परिवार को खुशी तो मिली है, लेकिन डर कम नहीं हुआ है।
रवि ने बताया कि उनके परिवार ने मौत के साये में रहकर पैरवी कर बदमाशों को सजा दिलवाई है, लेकिन ये सजा कुख्यात बदमाश के लिए पर्याप्त नहीं है इसलिए अब वे हाईकोर्ट में बदमाशों को फांसी की सजा के लिए अपील करेंगे, तभी भाई को सच्ची श्रद्धांजलि मिलेगी। संवाद