मयूर विहार फेज-3 में कैब से 10 लोगों को कुचलने का मामला
आरोपी किशोर पॉलिटेक्निक का छात्र, पुलिस ने हिरासत में लिया
टक्कर लगते ही साथ बैठा 12वीं का छात्र हो गया था फरार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मयूर विहार फेज-3 के बुध बाजार में कैब से 10 लोगों को रौंदने वाला चालक 17 वर्षीय किशोर निकला। वारदात के समय दूसरे नाबालिग दोस्त के साथ मौज-मस्ती करने के लिए जानकार की कैब लेकर निकला था। इस दौरान वह कार से नियंत्रण खो बैठा और हादसा हो गया। एक बार टक्कर मारने के बाद दोबारा भागने के चक्कर में उसने कई लोगों को कुचल दिया था। पुलिस ने इलाज के बाद बृहस्पतिवार को नाबालिग को हिरासत में ले लिया। वह पॉलिटेक्निक का छात्र है। वारदात के समय 12वीं का दूसरा छात्र मौका लगते ही फरार हो गया था।
हादसे में घायल तीन लोगों का अभी इलाज जारी है। गाजीपुर थाना पुलिस ने तनुजा बयान पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने कैब के चालक नीरज और मालिक राजकुमार को पूछताछ करने के लिए थाने बुलाया है। पुलिस ने सीता देवी (22) का पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार के हवाले कर दिया है। मूलरूप से लखीमपुर खीरी निवासी सीता परिवार के साथ हयात नगर, खोड़ा काॅलोनी में रहती थी। परिवार में मुन्ना लाल, मां गीता देवी, दो भाई कपिल, राजू व दो बहने हैं। सीता नोएडा की एक कंपनी में नौकरी करती थी। भाई राजू ने बताया कि बुधवार को दफ्तर से आने के बाद सीता बहन शारदा के साथ बुध बाजार से सब्जी लेने के लिए गई थी। इस दौरान वह हादसे का शिकार हो गई। सीता के परिवार ने नाबालिग के खिलाफ बालिग की तरह मुकदमा चलाने की मांग की है। परिजनों ने मुआवजे की भी मांग की है।