नाले रुकने से सड़क पर जमा गंदा पानी।
-लंबे समय से व्याप्त समस्या के कारण स्कूली बच्चों, अभिभावकों व लोग परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। करेहडा रोड स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय का मार्ग इन दिनों जलभराव और गंदगी की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। सड़क किनारे बने नाले पूरी तरह चोक होने के कारण गंदा पानी सड़क पर जमा हो गया है, जिससे स्कूल आने-जाने वाले बच्चों, अभिभावकों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया।
स्कूल मार्ग पर भरे बदबूदार पानी से आसपास के दुकानदार भी परेशान हैं। उनका कहना है कि गंदगी और जलभराव के कारण ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, जिससे व्यापार पर भी असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर पानी जमा रहने से फिसलन बढ़ गई है और आए दिन लोग चोटिल हो रहे हैं। ऐसे में किसी बड़े हादसे की आशंका लगातार बनी हुई है।
स्थानीय निवासी प्रमोद, विनोद, नाजिम और रिंकू ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार प्रशासन को शिकायत दी जा चुकी है। समाचार पत्रों में खबरें प्रकाशित होने के बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि आगामी मानसून को देखते हुए उनकी चिंता और बढ़ गई है। यदि समय रहते नालों की सफाई नहीं कराई गई, तो बरसात के दौरान स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है तथा पूरे क्षेत्र में जलभराव फैल सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नालों की सफाई तथा सड़क की उचित व्यवस्था कराई जाए। इस संबंध में बीडीपीओ विशाल आजाद ने आश्वासन दिया कि जल्द ही नालों की सफाई कराकर समस्या का समाधान किया जाएगा।