-सदर थाने के गांव खोरी खुर्द में घटना, पीड़ित पिता ने जताई हत्या की आशंका
संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। सदर थाना क्षेत्र के गांव खोरी खुर्द में एक तलाकशुदा दंपति के मासूम बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बच्चे की मौत पानी में डूबने से होना बताया जा रहा है, वहीं पिता ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।
गांव खोरी खुर्द निवासी आदिल पुत्र जुबैर की शादी वर्ष 2023 में गांव सेवका निवासी हामीदा पुत्री खलील के साथ हुई थी। शादी के बाद 24 मई 2024 को उनके यहां एक बेटे सालार का जन्म हुआ। बाद में पति-पत्नी के बीच आपसी मनमुटाव के चलते तलाक हो गया। आदिल का आरोप है कि वर्ष 2025 में उसकी पूर्व पत्नी हामीदा, उसके पिता खलील व अन्य लोग बच्चे सालार को उसके घर से अपने साथ ले गए थे। आदिल ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि 22 मई को उसके बेटे की जबरन हत्या कर दी गई।
शिकायत में ससुराल वालों पर आरोप लगाया गया है कि वे बच्चे के शव को जल्दबाजी में दफनाना चाहते थे। शिकायतकर्ता ने बच्चे का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने तथा आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं खोरी पुलिस चौकी प्रभारी का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पानी में डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों द्वारा हत्या की आशंका जताई गई है। ऐसे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।