सहारनपुर। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने गांव शेरूल्लाहपुर जाटोवाला में निर्माणाधीन स्पोटर्स कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। इसके बाद वह गांव खुवासपुर में बरसाती नदी के बहाव को देखने भी पहुंचे।
स्पोटर्स कॉलेज में निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि बने रपटे से कॉलेज में सिल्ट जमा न हो, क्योंकि वह जलभराव का कारण बन सकता है। इससे कॉलेज के संचालन में परेशानी आ सकती है। इसके लिए पीडब्ल्यूडी के विभागीय अधिकारियों को आगणक प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके बाद वह गांव हबीबपुर तपोवन उर्फ खुवासपुर में पहुंचे। उन्होंने बरसाती नदी में आए पानी को देखते हुए निरीक्षण किया। ग्रामीणों से संवाद कर ग्राम प्रधान व ग्रामीणों को जल्द ही समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। फिलहाल आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्ग बनाने के निर्देश पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को दिए।
जिलाधिकारी ने मां शाकंभरी मेले के समय निकलने वाली गंदगी को प्रतिदिन निस्तारित करने को कहा। मेले में शौचालय की व्यवस्था के तहत मोबाइल टॉयलेट का प्रयोग करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को आमजन की सुरक्षा के लिए लाइनों को चेक कर दुरुस्त कराने को कहा। इस दौरान एसडीएम बेहट मानवेंद्र सिंह, सीओ बेहट मुनीश चंद्र आदि रहे।