नोएडा। सेक्टर-142 से बॉटनिकल गार्डन और ग्रेनो में डिपो से बोड़ाकी तक मेट्रो रूट के निर्माण के टेंडर में नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) ने दोबारा 10 दिन का समय बढ़ा दिया है। 3 मई को जारी टेंडर के खोले जाने की पहली तारीख 12 जून थी जो बढ़ाकर 22 जून की गई थी। अब 2 जुलाई तक एजेंसियों के आवेदन एनएमआरसी लेगा। ऐसे में 3 जुलाई को परियोजना में आगे की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। एनएमआरसी की तरफ से बताया गया कि समय बढ़ाने का निर्णय कई एजेंसियों की तरफ से दिए गए प्रस्ताव पर लिया गया। टेंडर में दोनों रूट का एलिवेटेड ट्रैक और 10 मेट्रो स्टेशन का निर्माण 1200 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित है।
सेक्टर-142 से सेक्टर-38ए बॉटनिकल गार्डन तक मेट्रो रूट करीब 11.56 किमी लंबी होगा। इस लाइन पर आठ मेट्रो स्टेशन होंगे। ग्रेटर नोएडा में डिपो से बोड़ाकी तक मेट्रो रूट 2.6 किलोमीटर का होगा। इनमें एक जुनपत और दूसरा बोडाकी मेट्रो स्टेशन होगा।