साक्षी चौरसिया और प्रीति को सम्मानित करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। स्रोत ः स्वयं
लखनऊ। राजधानी लखनऊ की दो होनहार बेटियों ने पूरे देश में शहर का नाम रोशन किया है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित चौथे कौशल दीक्षांत समारोह में प्रीति कांदू और साक्षी चौरसिया को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों सम्मानित होने का गौरव मिला।
अलीगंज स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स (आईटीओटी) की छात्राएं प्रीति और साक्षी ने क्राफ्ट इंस्ट्रक्टर ट्रेनिंग स्कीम (सीआईटीएस) में ऑल इंडिया टॉप किया था। पीएम मोदी ने मेधावियों को बधाई देते हुए कहा कि आपकी उपलब्धियों पर देश को गर्व है। आईटीओटी के निदेशक डीके सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण महानिदेशालय की ओर से आयोजित इस समारोह में लखनऊ के छात्रों को प्रधानमंत्री के हाथों सम्मान मिलना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण है।
प्रधानमंत्री से सम्मान मिलना जीवन की बड़ी उपलब्धि
प्रयागराज की रहने वाली साक्षी ने कहा कि प्रधानमंत्री के हाथों सम्मान मिलना बड़ी उपलब्धि है। इस सम्मान से मनोबल और बढ़ा है। पीएम ने बताया कि शिक्षा और कौशल दक्षता से ही देश का विकास संभव है। इस विकास में युवाओं की भूमिका सबसे अहम है।
कौशल ही आत्मनिर्भर भारत की कुंजी
देवरिया निवासी प्रीति ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कौशल प्रशिक्षण से आत्मनिर्भर बनने का मंत्र दिया। यह सफलता सिर्फ मेरी नहीं, मेरे शिक्षकों और संस्थान की भी है। पीएम से सम्मानित होना अविस्मरणीय पल है।
साक्षी चौरसिया और प्रीति को सम्मानित करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। स्रोत ः स्वयं