-जिला उपभोक्ता फोरम ने ग्लोबल रुटर्स कंपनी को जारी किए आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। हवाई टिकट बनवाकर देने में नाकाम होने पर ग्लोबल रुटर्स कंपनी को 30 दिन में 6 फीसदी ब्याज समेत पूरा पैसा लौटना होगा। जिला उपभोक्ता आयोग ने पैसा लौटाने के लिए दायर वाद को सुनने के बाद आदेश दिया है। आयोग के अध्यक्ष अनिल कुमार पुंडीर और सदस्य अंजु शर्मा ने सुनवाई की।
नोएडा सेक्टर 93-बी निवासी चारु यादव ने जिला उपभोक्ता आयोग में दायर वाद करते हुए शिकायत की है कि ग्लोबल रुटर्स कंपनी दुनिया भर के हॉलिडे पैकेज, लग्जरी फ्रूज प्रीमियम होलिडे के साथ वीजा सेवाएं, हवाई टिकट भी प्रदान करती है। चारु यादव ने कंपनी से यात्रा के लिए वीजा समेत अपने पति व बेटे के लिए सिंगापुर के लिए तीन टिकट बुक किए। एनईएफटी के माध्यम से 101500 रुपये की धनराशि हस्तांतरित किए। उनको 32175 रुपये एनईएफटी के माध्यम से पावती दी। सिंगापुर की यात्रा 22 दिसंबर 2023 से 28 दिसंबर 2023 तक की जानी थी। कंपनी का प्रतिनिधि बार-बार उनको आश्वासन देता रहा, लेकिन टिकट की व्यवस्था करने में विफल रहा। मजबूरन उनको स्वयं ही टिकट की व्यवस्था करनी पडी। टिकट की कीमत भी दोबारा चुकानी पडी। वीजा भी उनको नहीं दिया गया। जबकि तीन वीजा बनाने के लिए उनको 10500 रुपये देने पडे। जबकि कंपनी को दस हजार रुपये वीजा के लिए दे चुके थे।