-नई ट्रेडों ने बढ़ाई छात्रों की दिलचस्पी, 560 में से 379 पर हुए दाखिले
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। कौशल विकास को लेकर युवाओं में बढ़ते रुझान का असर इस बार राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के दाखिलों में साफ दिख रहा है। संस्थान में उपलब्ध कुल 560 सीटों में से 379 छात्रों ने अब तक एडमिशन ले लिया है, जबकि 141 सीटें अभी रिक्त हैं। पिछले साल की तुलना में इस बार दाखिले का आंकड़ा अधिक है, जो प्रशिक्षण और रोजगारोन्मुखी शिक्षा के प्रति छात्रों की बढ़ती दिलचस्पी को दर्शाता है।
प्राचार्य यज्ञ देव सिंह ने बताया कि इस वर्ष छात्रों की रुचि खासतौर पर इलेक्ट्रोनिक्स मैकेनिक, इलेक्ट्रोप्लेटर फिटर, वेल्डर, कॉस्मेटोलॉजी, एनसीवीटी जैसी ट्रेड्स में देखने को मिली है। उन्होंने कहा कि कॉस्मेटोलॉजी ट्रेड केवल 10 वीं पास बालिकाओं के लिए है, जबकि इलेक्ट्रोनिक्स मैकेनिक में प्रवेश के लिए 12वीं पास के साथ भौतिकी, रसायन और गणित आवश्यक है। प्राचार्य ने कहा कि सरकारी आईटीआई में पंजीकरण की अंतिम तिथि 20 सितंबर है, जबकि निजी आईटीआई कॉलेजों के लिए यह 30 सितंबर तक है। प्रवेश संबंधी सभी जानकारी और पंजीकरण की सुविधा ऑफिसियल बेवसाइट पर उपलब्ध है। प्राचार्य ने कहा कि हमारा उद्देश्य छात्रों को न केवल कौशल प्रदान करना है, बल्कि उन्हें ऐसा व्यावहारिक अनुभव देना है जिससे वह सीधे उद्योगों में रोजगार के अवसर शामिल कर सकें।