-छठ महापर्व की तैयारियों की रूपरेखा तैयार करने में जुटा है प्रवासी महासंघ
-समाज सेवा में अग्रणी लोगों को दिया जाएगा सुरेश तिवारी स्मृति सम्मान
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। छठ महापर्व को इस वर्ष भी भव्य और दिव्य बनाने की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। रविवार को प्रवासी महासंघ ने आयोजन की रूपरेखा तैयार करते हुए इसमें जुटने का संकल्प लिया है।
इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष आलोक वत्स ने बताया कि जब से शहर में प्रवासी महासंघ ने छठ महोत्सव की शुरुआत की है, तब से इसकी भव्यता और सहभागिता लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि आज पूर्वांचल से दूर रह रहे लोग गर्व के साथ अपनी आस्था का पर्व मनाते हैं और महासंघ से जुड़कर स्वयं को एक विशाल परिवार का हिस्सा महसूस करते हैं, जो हर परिस्थिति में साथ खड़ा रहता है। उन्होंने बताया कि संघ सदस्य स्व. सुरेश तिवारी की स्मृति में समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाले व्यक्ति को सुरेश तिवारी स्मृति सम्मान प्रदान करेगा। महासचिव अवधेश राय ने बताया कि सभी वरिष्ठ सदस्य अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से कर रहे हैं। वरिष्ठ सदस्य विकास तिवारी ने कहा कि नोएडा प्राधिकरण से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस अवसर पर छाया राय, मीनाक्षी शाही, अनु सिन्हा, मधु सिंह, जितेंद्र सिंह, अखिलेश सिंह, मिथलेश राय, चितरंजन कुमार, अभिनव पांडेय, अनुज त्रिपाठी, कमलेश तिवारी, रणजीत गुप्ता सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।