नोएडा। सेक्टर-39 कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर-94 स्थित रायपुर पुश्ते के पास सोमवार देर रात कोहरे की वजह से एक कार अनियंत्रित होकर नाले में गिरी गई। हादसे में कार सवार इंजीनियर हार्दिक वर्मा (28) की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त स्नेहिल श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि मूल रूप से जयपुर स्थित मानसरोवर कॉलोनी निवासी हार्दिक सेक्टर-45 स्थित आम्रपाली सफायर सोसाइटी में परिवार के साथ रहते थे। वह निजी कंपनी में इंजीनियर थे। सोमवार देर रात सोसाइटी निवासी दोस्त स्नेहिल के साथ हार्दिक कार से घर जा रहे थे। रायपुर पुश्ते के पास कोहरे की वजह से संतुलन बिगड़ा और कार नाले में जा गिरी। कार में दोनों फंसकर बेहोश हो गए। राहगीर की सूचना पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान हार्दिक की मौत हो गई, जबकि स्नेहिल का इलाज चल रहा है। हार्दिक के पिता राजस्थान में प्रमुख मीडिया संस्थान से जुडे़ हुए हैं। पुलिस को अंदेशा है कि रास्ते की जानकारी नहीं हो या कार की गति तेज होने से हादसा हुआ है, लेकिन जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। छानबीन की जा रही है।