21वीं UP स्टेट यूथ एथलेटिक्स ट्रायल्स
गौतमबुद्ध नगर के 24 एथलीटों का यूपी यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। जिला एथलेटिक्स संघ, गौतमबुद्ध नगर की ओर से 1 अगस्त को ग्रेटर नोएडा स्थित सिटी हॉक्स स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 21वीं उत्तर प्रदेश स्टेट यूथ एथलेटिक्स ट्रायल्स 2026 का आयोजन किया गया। ट्रायल्स के आधार पर जिले के 24 खिलाड़ियों का चयन 7 से 8 अगस्त तक प्रयागराज में आयोजित होने वाली 21वीं उत्तर प्रदेश स्टेट यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए किया गया।
ट्रायल्स में अंडर-18 वर्ग की विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। 100 मीटर बालक वर्ग में आयुष कुमार पहले, नक्श कुमार दूसरे स्थान पर रहे, जबकि 100 मीटर बालिका वर्ग में हिमांशी ने पहला स्थान हासिल किया। 200 मीटर बालक वर्ग में हर्ष तोमर विजेता बने, जबकि बालिका वर्ग में सुमिति ने पहला स्थान प्राप्त किया।
400 मीटर बालक वर्ग में पीयूष कुमार और बालिका वर्ग में सुमिति ने बाजी मारी। 1000 मीटर दौड़ में बालक वर्ग में गुलशन व बालिका वर्ग में स्वीटी ने पहला स्थान हासिल किया। शॉटपुट और डिस्कस थ्रो में यश रावल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों स्पर्धाओं में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं, लॉन्ग जंप में नक्श कुमार और बालिका वर्ग में किरण विजेता रहीं। जैवलिन थ्रो में लव कुमार ने पहला स्थान हासिल किया। जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष अशोक सैनी ने बताया कि ट्रायल्स के प्रदर्शन के आधार पर चयनित 24 खिलाड़ी प्रयागराज में होने वाली राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में गौतमबुद्ध नगर का प्रतिनिधित्व करेंगे।