नहटौर के गांव बैरमपुर खजूरी में पुलिस द्वारा कब्र से शव निकलवाने के दौरान जमा भीड़। संवाद
नहटौर। पत्नी की शिकायत पर प्रशासनिक अधिकारियों ने शुक्रवार को गांव बैरमपुर खजूरी निवासी जमशेद (26) पुत्र तौकीर के शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
जमशेद की करीब डेढ़ वर्ष पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। 30 जुलाई को जमशेद की पत्नी फरहीन ने एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर उसके परिजनों पर हत्या का आरोप लगाते हुए मौत का सही कारण जानने के लिए उसके शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी। एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार राजकमल सिंह, थानाध्यक्ष धीरज नागर टीम के साथ गांव स्थित कब्रिस्तान पहुंचे।
उन्होंने फरहीन के पिता मुस्ताक निवासी ग्राम रवाना शिकारपुर थाना स्योहारा के समक्ष जमशेद के शव को कब्र से निकलवाया तथा पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। सीओ अभय कुमार पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
शव की हालत देख पिता की हालत बिगड़ी : जिस समय जमशेद की कब्र खोदकर उसके शव को निकाला जा रहा था, उस समय उसके पिता वहीं मौजूद थे।
शव की हालत देखकर मृतक के पिता की हालत बिगड़ गई तथा बेहोश होकर गिर गए। ग्रामीणों ने उन्हें उठाकर निजी चिकित्सक से उपचार कराया।