हसेरन। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो अक्तूबर को पैर फिसलने से ईशन नदी में डूबे छात्र का शव शनिवार को एसडीआरएफ टीम ने एक किलोमीटर दूर बरामद किया। शव मिलते ही परिजनों में चीखपुकार मच गई।
सौरिख क्षेत्र के नादेमऊ चौकी के किशनपुर निवासी रमेश चंद्र नायक का पुत्र विकास नायक (17) कक्षा 11 का छात्र था। परिजनों ने बताया कि विकास गांव के लोगों के साथ दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए ईशन नदी पर गया था। छतनेपुर घाट पर प्रतिमा विसर्जन के दौरान पैर फिसलने से विकास गहरे पानी में डूब गया था। स्थानीय गोताखोरों ने पानी में उसकी तलाश की पर सफल न होने पर प्रशासन ने जिला मुख्यालय व शाहजहांपुर से एसडीआरएफ टीमों को बुलवाया।
तीन दिनों की मशक्कत के बाद घाट से एक किलोमीटर दूर महमूदपुर गांव के पास एसडीआरएफ टीम ने शव को मिला। छात्र का शव पानी से बाहर आते ही पिता रमेश चंद्र व मां कुलजा देवी बेसुध हो गए जबकि अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। शव मिलने की सूचना पर पहुंचे विधायक कैलाश राजपूत ने रोते-बिलखते परिजनों को ढांढस बंधाया। परिजनों ने बताया कि विकास के दो भाई अवधेश, विवेक एवं दो बहनें अलका, गोल्डी हैं, जिसमें अलका की शादी हो चुकी है। थानाध्यक्ष जयंती प्रसाद गंगवार ने बताया कि तहसीलदार अवनीश कुमार व लेखपाल अनिल राजपूत की मौजूदगी में पंचनामा भरवाकर शव पोस्टमार्टम कराया गया है।