सीएजी की ऑडिट आपत्तियों पर लखनऊ में लोक लेखा समिति की सुनवाई
नोएडा। लोक लेखा समिति (पीएसी) बृहस्पतिवार को लखनऊ में नोएडा प्राधिकरण के कामकाज पर लगी सीएजी ऑडिट आपत्तियों पर सुनवाई करेगी। इस सुनवाई में पीएसी के सामने प्राधिकरण की फार्म हाउस योजना में प्लॉट आवंटन, वाणिज्यिक प्लॉट आवंटन समेत अन्य विभागों के कामकाज पर लगी आपत्तियां रखी जानी प्रस्तावित हैं।
सीएजी ने प्राधिकरण के 2005 से लेकर 2017 तक के कामकाज का ऑडिट किया था। ऑडिट में करीब 30 हजार करोड़ रुपये के वित्तीय घाटे की आपत्तियां लगाई गई थी। सीएजी की आपत्तियों से संबंधित पूरी रिपोर्ट को विधानसभा में पेश किया गया था। करीब तीन साल से लोक लेखा समिति सीएजी की आपत्तियों पर सुनवाई कर रही है। बीते समय में स्पोर्ट्स सिटी, औद्योगिक, नियोजन आदि विभाग के कामकाज पर लगी आपत्तियों पर लेखा समिति सुनवाई कर चुकी है। प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि इस बार फार्म हाउस पर लगी आपत्तियों पर सुनवाई होगी। इसके लिए प्राधिकरण ने तैयारी शुरू कर दी है। फार्म हाउस किस-किस साल में और किस दर से आवंटित किए गए, बने फार्म हाउस की वर्तमान स्थिति समेत अन्य बिंदुओं पर प्राधिकरण ने रिपोर्ट बनानी शुरू कर दी है। फार्म हाउस के अलावा नियोजन, व्यावसायिक विभाग के कामकाज पर लगी आपत्तियों पर भी सुनवाई होनी प्रस्तावित है। ब्यूरो