एंटी करप्शन टीम द्वारा 20हजार रुपया घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार हलधरपुर थाने में तैनात दारोगा अजय
- फोटो : katra news
मऊ। आजमगढ़ की एंटी करप्शन टीम ने शुक्रवार को जिले में 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए हलधरपुर थाने में तैनात दरोगा अजय सिंह को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। दरोगा प्रयागराज के सहसों का रहने वाला है।
पूछताछ के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया। दरोगा अजय सिंह मुकदमे की विवेचना कर रहा था। मुकदमे से नाम निकालने के लिए उसने पीड़ित से 20 हजार रुपये की मांग की थी। आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्ति ने कुछ कम पैसे देने की बात कही, लेकिन दरोगा ने साफ मना करते हुए अधिकारियों को भी पैसे पहुंचाने की बात कहकर अड़ा रहा। थकहार कर पीड़ित ने एंटी करप्शन टीम के पास पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
एंटी करप्शन टीम के अधिकारी शुक्रवार दोपहर पीड़ित व्यक्ति का रिश्तेदार बनकर उसके साथ दरोगा अजय सिंह के पास पहुंचे और रंगे हाथ 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी वर्ष 2023 में यूपी पुलिस सेवा में चयनित हुआ था।
-
इनसेट
एक सप्ताह पहले लेखपाल हुआ था निलंबित
एक सप्ताह पहले भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दुर्गविजय राय की शिकायत पर घोसी एसडीएम ने लेखपाल को छह हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में निलंबित किया था। पूर्व जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि उनके पिता की वरासत और भाई का हैसियत प्रमाणपत्र बनाने के लिए लेखपाल दिनेश चौहान ने रिश्वत ली है। इस काम के लिए लेखपाल 15 हजार रुपये मांग रहा था।
राजस्व निरीक्षक घूस लेते हुए पकड़ा गया था दोहरीघाट में कार्यरत राजस्व निरीक्षक को मई 2025 में एंटी करप्शन टीम ने पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। जमीन की पैमाइश के लिए रिश्वत मांगने का आरोप था। प्रयागराज के हंडिया निवासी और घोसी तहसील के दोहरीघाट क्षेत्र में कार्यरत राजस्व निरीक्षक रामेंद्र कुमार पांडेय दोहरीघाट विक्ट्री इंटर काॅलेज के बगल में किराये के मकान में रहता था। जहां पर एक व्यक्ति से भूमि के सीमांकन के लिए रिश्वत मांगी। इसकी सूचना पीड़ित ने एंटी करप्शन टीम को दी। राजस्व निरीक्षक ने पीड़ित व्यक्ति से जैसे लिफाफे को लेते हुए एंटी करप्शन की टीम ने रंगे हाथ एंटी पकड़ लिया।