संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर (मेरठ)। वन अभयारण्य क्षेत्र से 23 अक्तूबर की रात अर्जुन व द्रोपदी वन ब्लाक में अवैध रूप से खैर के पांच पेड़ काटने के मामले में वन विभाग ने वन माफिया को गिरफ्तार किया है। खैर का अवैध कटान करने वाला गैंग अमरोहा का निकला। खुलासा करते हुए वन विभाग ने आरोपियों पर कार्रवाई की है।
वन क्षेत्राधिकारी हस्तिनापुर खुशबू उपाध्याय ने बताया कि 23 अक्तूबर की रात हस्तिनापुर वन्य जीव अभयारण्य क्षेत्र के अर्जुन व द्रोपदी वन ब्लाक में कुछ लोगों ने खैर के पेड़ों का अवैध कटान कर लिया था। कटान के बाद आरोपी लकड़ियों को जंगल में ही छोड़कर भाग गए थे। मौका पाकर आरोपी लकड़ियां ले जाने की फिराक में थे, तभी वनकर्मियों ने मौका पाकर चार आरोपियों को धर दबोचा।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम लोकेश, आदित्य, शिट्टू निवासी शेरपुर अमरोहा व अली हसन निवासी आसिफाबाद बताया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से लकड़ी, आरा, कुल्हाड़ी, फावड़ा, रस्सी व अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। क्षेत्रीय वन अधिकारी ने बताया कि जंगल में अवैध कटान करने वाला अमरोहा का गिरोह आसपास के जंगल में खैर के पे़ड़ों के अवैध कटान की फिराक में रहते हैं। इनमें कई अपराधी हिस्ट्रीशीटर भी हैं। उक्त मामले में फरार चल रहे कई लोगों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर लगातार दबिश दी जा रही है। आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जिला कारागार भेज दिया गया।
डीएफओ वंदना ने बताया कि वनों के कटान एवं वन्यजीव के शिकार संबंधी अपराध अत्यंत गंभीर अपराध है। वन एवं वन्यजीवों से संबंधित अपराधों में संलिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।