कंदुनी चौराहे के पास मौजूद महिलाएं।
मास्टरबाग (सीतापुर)। निजी चिकित्सक के पास इलाज कराने जा रही गर्भवती का रास्ते में ही प्रसव हो गया। वहीं, एंबुलेंस एक घंटे देरी से पहुंची। तब तक पीड़िता सड़क पर ही तड़पती रही।
ग्राम पंचायत कंदुनी के बरगदिया गांव निवासी खुशबू (25) ससुर राजकुमार के साथ सोमवार को कंदुनी चौराहे पर निजी चिकित्सक से इलाज कराने जा रही थीं। रास्ते में अचानक प्रसव पीड़ा होने से क्लीनिक से पहले ही सड़क किनारे बनी झोपड़ी में प्रसव हो गया। पड़ोस की महिलाओं ने प्रसव कराने में सहयोग किया। ससुर ने एंबुलेंस को फोन किया तो एक घंटे बाद आई। तब तक पीड़िता दर्द से कराहती रही।
इसके बाद सीएचसी कसमंडा में भर्ती कराया गया। फिलहाल जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। सीएमओ डॉ. सुरेश कुमार का कहना है कि देरी से एंबुलेंस पहुंचने की जांच करवाई जाएगी।