-नरेला औद्योगिक क्षेत्र में दो साल पहले एक व्यक्ति के पास से मिले थे बम
-सभी को सुरक्षित जगह पर मिट्टी के नीचे दबा दिया गया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नरेला औद्योगिक क्षेत्र के होलंबीकलां इलाके में मिले दस देशी बम को सोमवार को बम निरोधक दस्ते और एनएसजी की टीम ने निष्क्रिय कर दिया। बम मिलने के बाद उसे होलंबी कलां में एक सुरक्षित जगह पर मिट्टी के नीचे दबा दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया था, लेकिन उसको बम मुहैया करने वाला अभी भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि 10 अप्रैल 2023 को जिला के स्पेशल स्टाफ पुलिस को मेट्रो विहार में रहने वाले दिलीप उर्फ बिल्ली के पास देशी बम होने की जानकारी मिली। पुलिस ने इस सूचना पर घेराबंदी कर दिलीप को दबोच लिया। पूछताछ में उसने बताया कि कुछ दिन पहले इलाके में रहने वाले काशीराम ने उसे एक प्लास्टिक की बाल्टी में दस बम दिए थे और उसे सुरक्षित रखने के लिए कहा था। पुलिस ने काशीराम की तलाश की, लेकिन वह भाग गया था। पुलिस ने दिलीप के निशानदेही पर जंगल में एक जगह पर खुदाई की, जहां से पुलिस को एक बाल्टी मिली, जिसमें दस देशी बम थे। इन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर काशी राम की तलाश में मध्य प्रदेश में दबिश दी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।