नोएडा। पिता ने जब बेटे (15) को मोबाइल पर गेम खेलने से मना किया तो वह नाराज होकर घर के पास स्थित निर्माणाधीन बिल्डिंग की छत से कूद गया। बृहस्पतिवार सुबह उसका शव मिला। कोतवाली फेज टू पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों ने मामले में पुलिस को किसी तरह की शिकायत नहीं की है।
सेंट्रल नोएडा के डीसीपी हरीश चंदर ने बताया कि मूल रूप से मध्य प्रदेश निवासी देवी दीन उर्फ बब्बू परिवार के साथ श्रमिक कुंज में रहते हैं। वह एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। देवी दीन का बेटा कोमल (15) नौवीं कक्षा में पढ़ता था। उसकी तीन बहनों हैं। बुधवार देर शाम को कोमल मोबाइल पर गेम खेल रहा था। इस पर देवी दीन नाराज हो गया और गेम खेलने से मना करते हुए मोबाइल ले लिया। इस दौरान उन्होंने अपने बेटे को डांट दिया। इसके बाद नाराज होकर कोमल गुस्से में घर से निकल गया। बृहस्पतिवार सुबह कोमल का शव घर के पास निर्माणाधीन सोसाइटी के बिल्डिंग के नीचे मिला। कोमल के सिर में सरिया घुसी हुई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
मोबाइल पर गेम खेलने से मना करने और पिता की डांट से नाराज होकर किशोर घर से चला गया था। बृहस्पतिवार सुबह उसका शव एक निर्माणाधीन बिल्डिंग के नीचे मिला था। प्राथमिक जांच में यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- हरीश चंदर, डीसीपी, सेंट्रल नोएडा।