फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तिरथली में किशोरी की बुखार से मौत, ग्रामीणों में दहशत

विज्ञापन
फरजाना (फाइल फोटो) - फोटो : Grnoida
विज्ञापन
रबूपुरा/जेवर। जेवर व रबूपुरा क्षेत्र में वायरल, मलेरिया व डेंगू के संदिग्ध मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। वहीं, मंगलवार रात तिरथली गांव में रहने वाली 14 वर्षीय किशोरी फरजाना की बुखार से नोएडा स्थित जिला अस्पताल में मौत हो गई। इससे ग्रामीणों में दहशत है। उन्होंने गांव में जांच शिविर लगवाने और दवा का छिड़काव कराने की मांग की है। किशोरी के पिता भूलन ने बताया कि बेटी को करीब 10 दिन पहले बुखार आया था। परिजन ने पहले गांव में उसका इलाज कराया। इसके बाद उसे रबूपुरा-झाझर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां स्थिति ज्यादा खराब होने के बाद किशोरी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां मंगलवार रात उसकी मौत हो गई। वहीं, जेवर, रबूपुरा क्षेत्र के जहांगीरपुर समेत आसपास के गांवों में वायरल, मलेरिया व डेंगू के संदिग्ध मरीज लगातार सामने आ रहे हैं। ज्यादातर निजी और सरकारी अस्पतालों में मरीजों को भर्ती करने की जगह नहीं है। कई अस्पतालों के ओपीडी तक को वार्ड बनाकर मरीजों को भर्ती किया जा रहा है। क्षेत्र के दयानतपुर और थोरा गांव में इस समय बुखार का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को थोरा व बंकापुर गांव में जांच के लिए स्वास्थ्य शिविर लगाए। इसमें लोगों की जांच कर दवा का वितरण किया गया।
विज्ञापन

सरकारी अस्पताल में 60 रोगी उपचाराधीन
पिछले एक माह से जेवर में मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। सरकारी अस्पतालों में मरीजों की भरमार को देखते हुए लोग निजी के अलावा झोलाछाप डाक्टरों से भी इलाज कराने को मजबूर हैं। गांव में कुछ मरीज तो ऐसे भी हैं, जो भर्ती होने के बजाय घर पर ही इलाज करा रहे हैं। जहांगीरपुर और रबूपुरा के ज्यादातर निजी अस्पतालों के बेड फुल हो चुके हैं। जेवर के प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 60 और जेवर के कैलाश अस्पताल में 150 से अधिक बुखार पीड़ित मरीज भर्ती हैं। अस्पताल पुराने मरीजों की छुट्टी के बाद ही नए को भर्ती कर रहे हैं।
डेंगू के 12 नए मरीज मिले, 262 हुई संख्या
जिले में डेंगू और मलेरिया समेत अन्य बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। बुधवार को डेंगू के 12 नए मरीज मिलने के साथ ही कुल आंकड़ा 262 हो गया है। वहीं, लोगों का कहना है कि अधिकतर स्थानों और गांवों में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव नहीं हो रहा है। मंगलवार को 27 नए मामले आए थे। जिले में रोगियों की संख्या बढ़ने से लोगों में दहशत है। हल्का बुखार होने पर लोग अस्पतालों की ओर भाग रहे हैं, लेकिन बेड नहीं मिलने से परेशान हैं। मौजूदा समय में 262 में से 32 मरीजों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड में भले ही डेंगू के मरीज 262 हों, लेकिन मौजूदा हालात कुछ और ही बयां कर रहे हैं। बुधवार को बुखार से पीड़ित सैकड़ों लोगों ने जिला अस्पताल में खून की जांच कराई। इनकी रिपोर्ट बृहस्पतिवार को आएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

बुखार व डेंगू के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग दिन-रात मरीजों के इलाज में लगा है। ठंड बढ़ने से बीमारी का असर कम होगा।
- डॉ. पवन कुमार, प्रभारी प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जेवर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें