ग्रेटर नोएडा (संवाद)। गौतमबुद्ध नगर के स्केटर तन्मय मुटरेजा का चयन 63वीं राष्ट्रीय रोलर स्पोर्ट्स स्केटिंग प्रतियोगिता के लिए हुआ है। वह उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए विशाखापत्तनम में 12 से 18 दिसंबर तक होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेंगे। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होने की खबर से परिवार में खुशी का माहौल है।
तन्मय ने राज्य स्तरीय रोलर स्पोर्ट्स स्केटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-6 आयु वर्ग की क्वाड कैटेगरी में स्वर्ण पदक जीता, जिसके आधार पर उन्हें राष्ट्रीय स्तर के लिए चुना गया।
12 से 15 अक्तूबर तक ग्रेटर नोएडा के ग्रेनो रोलर क्लब (मलकपुर, सूरजपुर के पास) में हुई राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में तन्मय ने जिले का नाम रोशन किया। वह सेक्टर-168, द गोल्डन पाव सोसाइटी निवासी हैं और जीडी गोयनका ग्लोबल स्कूल, नोएडा के छात्र हैं।
तन्मय पिछले एक वर्ष से सेक्टर-15 स्थित कैंब्रिज स्कूल की अकादमी में कोच रोहन चौहान के मार्गदर्शन में अभ्यास करते हैं। कोच के अनुसार, चार वर्ष की आयु से स्केटिंग शुरू करने वाले तन्मय ने अब तक जिला स्तर पर दो रजत, एक कांस्य और राज्य स्तर पर एक स्वर्ण पदक जीता है।