नोएडा। जिले में कोरोना संक्रमण फिर पैर पसारने लगा है। दिसंबर में मरीजों की संख्या में इजाफा दर्ज किया जा रहा है। वहीं, रविवार को जिले के 33 स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में पहुंचे हर तीसरे व्यक्ति में कोरोना के लक्षण मिले। करीब 27 फीसदी मरीजों की कोरोना जांच कराई गई है।
मेले में पहुंचने वाले मरीजों की कुल संख्या 2041 दर्ज की गई, जिनमें 438 सांस के रोगियों ने डॉक्टरों से परामर्श लिया। लगातार बढ़ रही ठंड से भी सांस के रोगियों की तकलीफ बढ़ी है। कोरोना की दूसरी लहर ने भी लोगों के फेफड़ों पर सबसे ज्यादा असर डाला है। कोरोना से ठीक होने के बाद भी सांस उखड़ने और थकान की परेशानी से लोग जूझ रहे हैं। कोरोना के लक्षण वाले 563 मरीज मेले में कोविड हेल्प डेस्क पर पहुंचे। इस दौरान 198 लोगों की रैपिड एंटीजन जांच कराई गई। वहीं, बुखार के मरीजों की संख्या 147 दर्ज की गई, जबकि मधुमेह के 31 और चर्म रोग के 353 रोगी उपचार के लिए पहुंचे।
जिला मलेरिया अधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि मलेरिया के लक्षण मिलने पर 21 लोगों की जांच हुई। जिले के 18 ग्रामीण व 15 शहरी स्वास्थ्य केंद्रों पर आरोग्य मेला आयोजित हुआ। इस दौरान 676 महिलाएं और 772 पुरुष उपचार के लिए पहुंचे। साथ ही, 593 बच्चों का भी इलाज किया गया। छह गंभीर मरीजों को हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया। आरोग्य मेले में 64 डॉक्टरों और 171 पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती की गई थी।