ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था के इंतजाम किए
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। ट्रैफिक पुलिस ने रामलीला मैदान में बृहस्पतिवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिए यातायात व्यवस्था का इंतजाम किया है। दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) सत्यबीर कटारा ने बताया कि समारोह में प्रधानमंत्री व कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों सहित वीवीआईपी मौजूद रहेंगे। ऐसे में सुरक्षा के मद्देनजर कुछ मार्ग पूरी तरह बंद रहेंगे, जबकि कुछ जगह डायवर्जन रहेगा। ऐसे में लोगों को रामलीला मैदान व आसपास के सभी मार्गों से बचने की सलाह दी गई है।
आवश्यकता के आधार पर ट्रैफिक डायवर्जन : सुभाष पार्क टी-प्वाइंट, राजघाट, दिल्ली गेट, आईटीओ, अजमेरी गेट, रंजीत सिंह फ्लाईओवर, भवभूति मार्ग, डीडीयू मार्ग रेड लाइट।
-
इन मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा : सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक बीएसजेड मार्ग, आईटीओ से दिल्ली गेट, जेएलएन मार्ग, दिल्ली गेट से गुरु नानक चौक, अरुणा आसफ अली रोड, मिंटो रोड से कमला मार्केट से हमदर्द चौक तक, रंजीत सिंह फ्लाईओवर से तुर्कमान गेट तक यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
लोग इन बातों का ध्यान रखें : वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें, सड़क किनारे पार्किंग से बचें। किसी भी असामान्य/अज्ञात वस्तु या व्यक्ति को संदिग्ध हालात में देखने पर पुलिस को तुरंत सूचना दें।