-डीजेबी ने कहा- 60 दिनों में पूरी होगी 730 मीटर लंबी एक नई पाइपलाइन परियोजना
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। जनकपुरी के ए-एक ब्लाक में दूषित पेयजल की शिकायतों से संबंधित एक मामले पर सुनवाई करते हुए राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए लचीली पाइपों के माध्यम से टैंकर से पानी की आपूर्ति करने का निर्देश दिया है। एनजीटी अध्यक्ष न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव की अध्यक्षता वाली पीठ ने उक्त आदेश तब दिया कि जब दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) ने बताया कि इलाके में टैंकर से पानी की आपूर्ति की जा रही है, लेकिन कुछ वरिष्ठ नागरिकों को बाल्टी में पानी घर तक ले जाने में समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
डीजेबी ने यह भी बताया कि 730 मीटर लंबी एक नई पाइपलाइन परियोजना शुरू की गई है और इसकी निविदा जारी कर दी गई है। डीजेबी ने बताया कि इसे 60 दिनों के भीतर पूरा किया जाना है। इस पर एनजीटी ने डीजेबी को 15 सितंबर को होने वाली अगली सुनवाई से पहले प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। इस दौरान एनजीटी ने पानी के नमूनाें के संबंध में सीपीसीबी की रिपोर्ट पर गौर किया। कुल 12 घरों से लिए गए परीक्षणों में अधिकांश नमूने सुरक्षित पाए गए, लेकिन कुछ में कोलीफार्म पाया गया। डीजेबी ने दावा किया कि पाइपलाइन की खराबी को ठीक कर दिया गया है और अब साफ पानी की आपूर्ति की जा रही है। इस पर एनजीटी ने सीपीसीबी को 20 घरों के पानी की दोबारा जांच करने का निर्देश दिया।