नूंह। परिवार पहचान पत्र विभाग में जमा नहीं कराने पर फिरोजपुर झिरका में लगभग 17 डिपो होल्डर की सप्लाई को रोक दिया गया है, जबकि उपभोक्ताओं को आसपास के क्षेत्रों के डिपो होल्डर पर राशन दी जाएगी। विभागीय जानकारों की मानें तो परिवार पहचान पत्र बनवाने को लेकर ज्यादातर लोग रुचि नहीं दिखा रहे हैं। इसके कारण खाद्य आपूर्ति विभाग व जिला प्रशासन लगातार डिपो होल्डर को लिखित और मौखिक रूप से सभी उपभोक्ताओं के परिवार पहचान पत्र जमा कराने के दिशा निर्देश जारी कर चुका है। उसके बावजूद कार्य में कोताही बरती जा रही है।
वहीं डिपो होल्डरों का कहना है कि बीपीएल लाभार्थियों ने दस्तावेज जमा करा दिए हैं, लेकिन एपीएल सूची वाले अभी तक परिवार पहचान पत्र नहीं बनाया है।
इस बारे में फिरोजपुर झिरका में तैनात खाद्य आपूर्ति नियंत्रक इरशाद खान का कहना है कि सभी डिपो होल्डर को लगातार लिखित और मौखिक रूप से सारी जानकारी दे दी गई थी। लाभार्थियों की परिवार पहचान पत्र की सूची कार्यालय में जमा कराएं ताकि आगामी कार्रवाई हो सके और लोगों को कोई असुविधा न हो, लेकिन कोई भी डिपो होल्डर अपने कार्य में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। इसलिए जिला अधिकारियों के आदेश पर कार्रवाई की गई है। अगर डिपो होल्डर लाभार्थियों की सूची और दस्तावेज कार्यालय में जमा करा देगा, उनकी सप्लाई तुरंत बहाल कर दी जाएगी।