नूंह। फिरोजपुर क्षेत्र में बुधवार देर शाम पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में तस्करों से 32 गोवंश मुक्त कराए है। पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पहले मामले में सूचना के आधार पर फिरोजपुर झिरका सीएस स्टाफ उप-निरीक्षक कंवरपाल के नेतृत्व में बुधवार देर शाम पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास कच्चा रास्ता नसीरबास के पास दबिश देकर दो तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान शाहजहां पुत्र रहमान व साहून पुत्र ईशाक निवासियान बालौज (राजस्थान) के रूप में हुई। इनके पास से 17 गोवंश मुक्त कराए। पुलिस ने बताया कि ये गोकशी के लिए नावली खेड़ी खोला पहाड़ के कच्चे रास्ता से होते हुए गांव नीमली (राजस्थान) ले जाने की फिराक में थे।
वहीं दूसरे मामले में भी फिरोजपुर झिरका सीएस स्टाफ ने पंजाब के एक तस्कर को एलपी गाड़ी सहित पकड़ा है। इस दौरान एलपी गाड़ी से 15 गोवंश भी बरामद किया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बॉम्बे एक्सप्रेस हाईवे के पास महू के क्षेत्र से एक गोतस्कर ट्रक में राजस्थान की सीमा के साथ लगते गांव नांगल के रास्ते से गोवंश को ले जा रहा है। पुलिस ने मौके पर नाकेबंदी कर तस्कर को दबोच लिया। आरोपी की पहचान बलबीर सिंह पुत्र हरनेक सिंह निवासी सिंघाली जिला संगरुर (पंजाब) के रूप में हुई है।