रविवार को खुला सब रजिस्ट्रार कार्यालय, नहीं हुई एक भी रजिस्ट्री
नए रोस्टर के अनुसार एक सब रजिस्ट्रार कार्यालय दोपहर एक से रात आठ बजे तक खुलेगा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नए रोस्टर के मुताबिक बीते रविवार को सब रजिस्ट्रार कार्यालय पहली बार खुला। हालांकि, इस दिन कोई रजिस्ट्री नहीं हो सकी। एक सब रजिस्ट्रार कार्यालय प्रतिदिन सामान्य दिनों में दोपहर एक से रात आठ बजे तक खुलेगा।
सेक्टर-33ए स्थित निबंधन विभाग कार्यालय में नए रोस्टर के मुताबिक कार्यालय खुलेंगे। शासन के आदेश पर यह व्यवस्था शुरू की गई है। वहीं दूसरी ओर अधिवक्ता रविवार को कार्यालय खुलने का विरोध कर रहे हैं। रजिस्ट्री के लिए अब लोगों को छुट्टी नहीं लेनी होगी। सब रजिस्ट्रार कार्यालय अब रविवार को भी खुलेगा। इस बीते रविवार सब रजिस्ट्रार कार्यालय खुला लेकिन एक भी रजिस्ट्री नहीं हुई। रविवार को खुलने वाला कार्यालय अगले शनिवार को बंद रहेगा। अगले रविवार को दूसरा सब रजिस्ट्रार कार्यालय खुलेगा। वहीं, रोस्टर के मुताबिक सब-रजिस्ट्रार द्वितीय कार्यालय दोपहर एक से रात आठ बजे तक खुलेगा। सेक्टर-33 स्थित उप निबंधन कार्यालय में तीन सब-रजिस्ट्रार हैं। यहां यह रोस्टर व्यवस्था शुरू की गई है। बतादें कि नोएडा में कामकाजी लोग अधिक हैं। रजिस्ट्री के लिए लोगों को विशेष छुट्टी लेनी पड़ती है लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। नोएडा में तीन और ग्रेटर नोएडा, दादरी और जेवर में एक-एक सब रजिस्ट्रार कार्यालय हैं। इसमें नोएडा में नई व्यवस्था लागू हुई है। महानिरीक्षक निबंधन नेहा शर्मा की ओर से जारी किए गए निर्देशों के पालन में यह व्यवस्था शुरू हुई है। एआइजी प्रथम अरुण कुमार शर्मा ने बताया कि रोस्टर व्यवस्था कार्यालय में शुरू कर दी गई है।
नोएडा बार एसोसिएशन की जारी है हड़ताल
नोएडा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रवीण डेढ़ा ने बताया कि वह मार्च में आए इस सर्कुलर के बाद से ही हर शनिवार को इसके विरोध में आपत्ति दर्ज करा रहे हैं। साथ ही वह रविवार को कार्यालय खुलने का पूरी तरह से विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि अधिवक्ता रविवार को काम पर नहीं आएंगे और न ही कोई रजिस्ट्री होगी। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा गया है। बतादें कि रजिस्ट्री विभाग में रोजाना करीब 250 रजिस्ट्री होती हैं।