-शिक्षा मंत्री ने डीटीयू के ओरिएंटेशन कार्यक्रम को वर्चुअल मोड में किया संबोधित
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने छात्रों से कहा कि वह अच्छा इंजीनियर बनने के साथ जिम्मेदार नागरिक बनने का प्रयास करें। शहरी चुनौतियों का समाधान टिकाऊ तरीके से करें। यह बातें शिक्षा मंत्री ने दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) के नए सत्र 2025 को लेकर आयोजित ओरिएंटेशन कम इंडक्शन कार्यक्रम को वर्चुअल मोड में संबोधन के दौरान कहीं।
उन्होंने छात्रों को टिकाऊ विकास के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए शोध, हैकाथॉन और दिल्ली की विशिष्ट समस्याओं पर जागरूकता बढ़ाने की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही छात्रों को भारत सरकार के आगामी स्वच्छता अभियान में भाग लेने के लिए अनुरोध किया। वहीं शिक्षा मंत्री ने नए छात्रों को विश्वविद्यालय का हिस्सा बनने पर बधाई देते हुए उन्हें अपने भविष्य में उत्कृष्टता की ओर अग्रसर होने के लिए डीटीयू मंच उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में डीटीयू के कुलपति प्रोफेसर प्रतीक शर्मा ने कहा कि नए छात्रों से उम्मीद है कि विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण बदलाव लाएंगे। कार्यक्रम में डीटीयू रजिस्ट्रार प्रो. नरेंद्र कुमार, डीन स्नातक प्रो. राजेश्वरी पांडे, डिजिटल शिक्षा डीन प्रो. एस इंदु सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।