-1200 छात्र ऑन द स्पॉट नौकरी के लिए किए गए शॉर्टलिस्ट
-61 कंपनियां मेला स्थल पर पहुंची, 14 ऑनलाइन हुई शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के कैंपस प्लेसमेंट सेल की ओर से बुधवार को आयोजित रोजगार मेले में बड़ी तादाद में छात्र उमड़ पड़े। डीयू स्पोर्ट्स स्टेडियम के मल्टीपरपज हॉल में छात्रों के लिए प्लेसमेंट और इंटर्नशिप ड्राइव का आयोजन किया गया था। छात्रों को रोजगार देने के लिए 61 कंपनियां पहुंची थी। इसमें 14 कंपनी रोजगार मेले में ऑनलाइन शामिल हुई।
रोजगार मेले में आने वाले छात्र काफी उत्साहित दिखे। छात्र नौकरी पाने के लिए एकदम पेशेवर तरीके से तैयार होकर आए थे। कोई छात्र पढ़ाई के साथ इंटर्नशिप की तलाश में आया था तो कोई छात्र नौकरी पाने के लिए रोजगार मेले में पहुंचा। छात्रों के भीड़ प्रबंधन को लेकर टोकन की व्यवस्था की गई थी। रोजगार मेले में शामिल होने के लिए आने वाले छात्रों को टोकन जारी किया गया। एक छात्र तीन कंपनियों से नौकरी के लिए संपर्क कर सकता था। छात्र अलग-अलग कंपनी के डेस्क पर इंटरव्यू और ग्रुप डिस्कशन करते दिखे। कंपनी की ओर से छात्रों का स्किल टेस्ट भी लिया गया।
पढ़ाई के साथ रोजगार लेकर निकले छात्र
डीयू डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. रंजन कुमार त्रिपाठी ने कहा कि इस बार पिछली बार से ज्यादा छात्रों ने पंजीकरण किया है। डीयू में पढ़ने वाले छात्र जब यहां से निकलेंगे तो रोजगार के साथ निकलेंगे। छात्रों और कंपनी के बीच एक मध्यस्थता की भूमिका का काम कर रहे है। जिससे छात्रों को नौकरी और कंपनी को एक अच्छा उम्मीदवार मिले।
-
7200 से ज्यादा छात्रों ने कराया पंजीकरण
डीयू सेंट्रल प्लेसमेंट सेल की इंचार्ज और डीन स्टडेंट्स वेलफेयर में ज्वाइंट डीन प्रोफेसर हेना सिंह ने बताया कि एक दिवसीय रोजगार मेले के लिए 7200 से ज्यादा छात्रों ने पंजीकरण किया था। मगर, छात्रों के उत्साह को देखते हुए बिना पंजीकरण करने वाले छात्रों को भी इसमें शामिल होने का मौका दिया गया। रोजगार मेले शामिल होने के लिए शाम तक चार हजार से ज्यादा छात्र पहुंचे। शाम चार बजे तक ऑन द स्पॉट 1200 छात्रों को उनकी योग्यता और कौशल के आधार पर अलग-अलग कंपनियों द्वारा शॉर्टलिस्ट किया गया।
12 लाख तक का वार्षिक पैकेज
उन्होंने कहा कि रोजगार मेले में आईटी, हॉस्पिटैलिटी, बैंकिंग सहित अलग-अलग क्षेत्र की कई स्टार्ट कंपनियां शामिल हुई। रोजगार मेले में 1500 छात्रों के पास नौकरी और इंटर्नशिप पाने का मौका था। इंटर्नशिप के लिए कंपनियों ने कम से कम 12 हजार रुपये और अधिकतम 30 हजार रुपये प्रस्तावित किए थे। जबकि नौकरी के लिए अधिकतम वार्षिक पैकेज करीब 12 लाख था।
बोले छात्र
मैं थर्ड ईयर में हूं और बीए वोकेशनल विषय की पढ़ाई कर रहा हूं। रोजगार मेले में शामिल होने वाली एक कंपनी ने मार्केटिंग एंड सेल्स एक्जीक्यूटिव के पद साक्षात्कार के दौरान चयन कर लिया है।
अखंड प्रताप सिंह, स्वामी श्रद्धानंद कॉलेज
मैं रोजगार मेले में इंटर्नशिप के लिए आई थी। कॉलेज में बीए प्रोग्राम की पढ़ाई कर रही हूं। मेरा मानना है कि जब ग्रैजुएशन करके कॉलेज से निकली तो डिग्री के साथ स्किल भी हो। इंटर्नशिप के दौरान कंपनी के साथ स्किल डवलप कर सकूंगी।
सुदीक्षा तिवारी, रामजस कॉलेज