रोड़ी। रोड़ी बस स्टैंड पर रोष के दौरान खड़े विद्यार्थी। संवाद
रोड़ी। गांव सुरतिया से सिरसा जाने वाली रोडवेज की बस छात्रों के लिए परेशानी का सबब बन गई। बुधवार सुबह बस स्टैंड पर आने के बजाय मुख्य चौक से ही बस सिरसा के लिए चली गई। इस कारण छात्रों ने बस स्टैंड पर प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जताई। इसके बाद विभाग के अधिकारियों को छात्रों ने घटना के बारे में सूचित किया गया। रोडवेज प्रशासन ने साढ़े नौ बजे दूसरी बस भेजी। इस बस में छात्र सिरसा पहुंचे।
छात्र अर्शदीप सिंह, मनताज सिंह, सुखदीप, संदीप, इंद्रजीत सहित अन्य विद्यार्थियों ने बताया कि यह घटना उनकी पढ़ाई के लिए अत्यधिक नुकसानदायक रही। सुबह आठ बजकर पांच मिनट पर बस सुरतिया से चलकर रोड़ी वाया सरदूलगढ़ पंजाब होते हुए सिरसा पहुंचती है। पिछले एक माह से बस रोड़ी स्टैंड से गुजरती है, लेकिन बुधवार को चालक मुख्य चौक से ही बस लेकर चला गया।
इसके बाद विद्यार्थियों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने रोड़ी बस स्टैंड पर हंगामा कर दिया। छात्रों का कहना था कि उनके परीक्षा और टेस्ट चल रहे थे और इस कारण उनकी पढ़ाई में रुकावट आई है। उन्होंने रोडवेज प्रशासन से मांग की कि बस को बस स्टैंड से ही गुजारा जाए, ताकि छात्रों को अलग-अलग जगहों पर भटकना न पड़े।