- तीन दिन में अब तक 30 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राएं पहुंचे
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। इंटरनेशनल ट्रेड शो सिर्फ कारोबारियों और विदेशी बॉयर्स तक सीमित नहीं है बल्कि बच्चों और युवाओं के लिए भी उत्सुकता का स्रोत बन गया है। हर दिन प्रदेश के अलग-अलग जिलों से हजारों की संख्या में स्कूल और कॉलेज के छात्र यहां पहुंच रहे हैं। वह स्टॉल दर स्टॉल जाकर बदलते उत्तर प्रदेश की झलक देख रहे हैं। जहां आधुनिक मशीनरी, अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी और पारंपरिक हैंडीक्राफ्ट्स एक साथ सजे हुए हैं।
शनिवार काो ग्रेनो के शेयरान इंटरनेशनल स्कूल के बच्चे अपने शिक्षकों के साथ पहुंचे। कोऑर्डिनेटर अनुज ने बताया कि बच्चों ने मशीनरी और हैंडीक्राफ्ट्स को बहुत ध्यान से देखा। उन्हें यह जानकर हैरानी हुई कि यूपी में एक ही छत के नीचे आधुनिक उद्योग और परंपरागत कला दोनों कितनी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।वहीं डीआईओएस राजेश सिंह ने बताया कि छात्रों की सुविधा के लिए खास रूट मैप तैयार किया गया है, ताकि वह आसानी से सभी स्टॉल्स तक पहुंच सकें। एंट्री से एग्जिट तक वॉलंटियर्स की तैनाती की गई है। जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से बच्चों को स्कूल से लाने और वापस छोड़ने की मुफ्त व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि यूपीआईटीएस में छात्रों के लिए रोज क्विज कॉन्टेस्ट भी कराया जा रहा है। विजेताओं को अंतिम दिन सम्मानित किया जाएगा।
भविष्य की पीढ़ी के लिए प्रेरणा
जिलाधिकारी मेधा रुपम ने बताया कि बच्चों के लिए केवल सैर-सपाटा नहीं, बल्कि सीखने और सपने देखने का अवसर है। यहां वे देख रहे हैं कि कैसे योगी सरकार की नीतियों ने प्रदेश को कृषि प्रधान राज्य से उद्योग और निवेश का हब बना दिया है। तीन दिन में अब तक 30 हजार से ज्यादा छात्र छात्राएं ट्रेड शो में आ चुके हैं। पहले दिन 10 हजार, दूसरे दिन 12 हजार और तीसरे दिन अब तक 8 हजार ने ट्रेड शो का भ्रमण किया है।