ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित स्मार्ट विलेज सादुल्लापुर गांव की सड़कों पर बच्चों समेत अन्य लोग हिचकाेले खाने को मजबूर हैं। बारिश में सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाती है। इसके कारण स्कूल की छुट्टी करनी पड़ती है। निवासियों ने बताया कि कई बार अधिकारियोें को अवगत कराने के बाद भी स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया है।
गांव के लोगों ने बताया कि 100 से अधिक बार प्राधिकरण को शिकायत कर चुके हैं। हर बार काम शीघ्र पूरा होगा इसका भरोसा दिला दिया जाता है। पांच साल से निवासी काम पूरा होने का सपना देख रहे हैं,लेकिन कुछ भी बदलाव नहीं दिखाई दे रहा है। गांव की यह एंट्री रोड इंस्पायर इंटरनेशनल स्कूल तक जाती है। जहां तक पहुंचने में छात्रों को अंतरिक्ष तक पहुंचने जैसा कठिन रास्ता तय करना पड़ता है। बच्चे किताबों से ज़्यादा कीचड़ और गड्ढों का प्रैक्टिकल सीख रहे हैं। बरसात होते ही सड़क गायब और उसकी जगह पानी से भरे गड्ढे और फिसलन भरा दलदल हो जाती है। स्कूल की आए दिन छुट्टियां, पठन-पाठन ठप और बच्चों का आत्मविश्वास उस सड़क की तरह धंसता चला जा रहा है। निवासियों ने बताया कि हर साल बच्चों को ऐसी परेशानियां झेलनी पड़ती है। ब्यूरो