-जगत फार्म, अल्फा-2 समेत कई इलाकों में सड़क पर झुंड, यातायात प्रभावित होने के साथ हादसे का खतरा संवाद न्यूज एजेंसी ग्रेटर नोएडा। सड़कों पर घूम रहे लावारिस गोवंश को पकड़कर गोशालाओं में पहुंचाने के निर्देश के बावजूद शहर की स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। जगत फार्म, अल्फा-2, सिटी पार्क के सामने, मिगसन और पैरामाउंट सोसाइटी के आसपास दिनभर गोवंश सड़क पर घूमते नजर आते हैं। कई जगह झुंड सड़क के बीच खड़ा रहता है, जिससे वाहन चालकों को परेशानी होती है और हादसे का खतरा बना रहता है। प्रदेश सरकार ने लावारिस गोवंश को पकड़कर गोशालाओं में पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। पशुपालन विभाग ने प्राधिकरण को पत्र भेजकर भी कार्रवाई के लिए कहा था। इसके बावजूद समस्या बनी हुई है। सड़क पर अचानक आने से गोवंश भी हादसों का शिकार हो रहे हैं।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरुण कुमार सचान ने बताया कि गोवंश को पकड़कर गोशालाओं में पहुंचाने के लिए प्राधिकरण को दोबारा पत्र भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि गोवंश को सड़कों पर लावारिस नहीं रहने दिया जाएगा।