ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव थापखेड़ा में शुक्रवार को अंबेडकर पार्क की दीवार पर लघुशंका करने पर दो पक्षों में विवाद के बाद जमकर पथराव हुआ। दीवार पर स्वच्छता अभियान संबंधित विज्ञापन के साथ किसी ने ‘सम्राट मिहिर भोज महान’ भी लिख दिया था।
इस कारण लघुशंका करने वाले युवक का एक अन्य युवक ने सिर फोड़ दिया। मारपीट में सिर फोड़ने वाला युवक भी घायल हो गया। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों में अस्पताल में उपचार कराने जाने के दौरान ही समझौता हो गया था, लेकिन अन्य लोगों ने एक-दूसरे पर पथराव कर दिया। हालांकि, इसमें कोई घायल नहीं हुआ। एसीपी पीपी सिंह का कहना है कि एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। फिलहाल गांव में शांति है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।