माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बिहार के बेगूसराय के कुख्यात टाइगर गिरोह के सक्रिय सदस्य और 50 हजार इनामी बदमाश को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस गिरफ्त में आया बदमाश शिवदत्त राय बेगूसराय के बनहारा गांव का रहने वाला है और पिछले ढाई वर्ष से हत्या व डकैती के मामले में फरार चल रहा था। पुलिस ने इस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
एसटीएफ की पूछताछ में बदमाश ने बताया कि वह स्नातक है। दो सितंबर 2022 को उसने अपने चचेरे भाई सुशील राय व शिवलोचन राय आदि के साथ मिलकर दो युवक अवनीश व रजनीश को गोली मारकर घायल कर दिया था और ट्रैक्टर लूट लिया था। इस घटना में घायल अवनीश की मौत हो गई थी। बेगूसराय के थाना तेघडा में इसका मुकदमा दर्ज हुआ था। 18 अक्टूबर 2023 को समझौता करने का दवाब बनाने के लिए पीड़ित के घर पर गोलियां भी चलाई थी। बिहार पुलिस ने हत्यारोपित पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
एसटीएफ ने बदमाश को बेगूसराय बिहार पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक राज कुमार मिश्रा ने बताया कि एसटीएफ यूनिट नोएडा की टीम को मुखबिर के माध्यम से बदमाश के परी चौक पर खड़े होने की सूचना मिली थी। दोपहर डेढ़ बजे के करीब एसटीएफ की टीम ने बदमाश की घेराबंदी कर पकड़ लिया। पकड़ा गया बदमाश बेगूसराय बिहार के इनामी टाइगर गिरोह का सक्रिय सदस्य है।