अब अतिक्रमण पर कार्रवाई के लिए बना विशेष प्रवर्तन दस्ता
- ग्रेनो वेस्ट और ग्रेनो ईस्ट में अलग-अलग बनीं अर्बन सर्विस विभाग की टीमें
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट और ग्रेनो ईस्ट में अतिक्रमण पर सख्ती के लिए सीईओ रवि कुमार एनजी ने दो अलग-अलग टीमें बनाई हैं। दोनों टीमों में पांच-पांच कर्मचारी रहेंगे। सड़कों पर अवैध कब्जों को हटाने और आवाजाही को सुगम बनाने के लिए चालान और सामान जब्ती जैसी कार्रवाई यह टीमें करेंगी।
प्रवर्तन दस्ते के अभियान के दौरान अवैध रूप से लगने वाली ठेली-पटरी हटाने का काम भी शुरू हो गया है। पहले दिन सूरजपुर में कार्रवाई की गई है। चालान भी काटे गए। अर्बन सर्विस विभाग के मुताबिक रोजाना करीब दो लाख रुपये चालान से वसूली हो रही है। ग्रेनो ईस्ट में वेनिस माल, कासना रोड, बैनेट विश्वविद्यालय के आसपास, डाबरा रोड, अल्फा-2 बाजार, सूरजपुर, एच्छर, सुपरटेक सेक्टर ओमिक्रान-एक, 130 मीटर चौड़ी सड़क, अल्फा-एक कमर्शियल बेल्ट, कासना बाजार, तुगलपुर मंडी और चूहड़पुर अतिक्रमण चिह्नित किए गए हैं। वहीं ग्रेनो वेस्ट में बिसरख चौक, चार मूर्ति, तिगरी गोलचक्कर, हैबतपुर, चौगानपुर, सेक्टर-2 गोल चक्कर, 14 एवेन्यू के पास और रोजा जलालपुर गोलचक्कर के आसपास अतिक्रमण हटाया जाना है। ब्यूरो