-पश्चिम जिला साइबर सेल ने आरोपियों को पकड़ा, पूछताछ में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पश्चिम जिला साइबर सेल ने एक सप्ताह विशेष अभियान चलाकर छह जालसाजों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने डिजिटल गिरफ्तारी, वर्क फ्रॉम होम, बिजली का कनेक्शन काटने और वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उगाही करने मामले में आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पुलिस ने 7 मोबाइल फोन, 3 एटीएम कार्ड, 2 चेक बुक, 1 पासबुक और 2 सिम कार्ड बरामद किए हैं।
पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त दरादे शरद भास्कर ने बताया कि पहले मामले में 8 जुलाई को पश्चिम जिला साइबर सेल को एक महिला ने ठगी की शिकायत की। उन्होंने बताया कि उनके पास एक व्यक्ति ने व्हाट्सएप वीडियो कॉल कर खुद को पुलिस अधिकारी बताया और उन्हें डिजिटल गिरफ्तार कर लिया। मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल होने का आरोप लगाते हुए जांच के बहाने आरोपी ने उससे 11.75 लाख रुपये ठग लिए। तकनीकी जांच में मामले से जुड़े दो आरोपियों को फरीदाबाद हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान शिवा और पुनीत कुमार उर्फ साहिल के रूप में हुई है।
दूसरे मामले में पुलिस टीम ने वर्क फ्राम होम का झांसा देकर ठगी करने वाले आरोपी अंकित सोनकरिया को जयपुर राजस्थान से गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता से 2.74 लाख रुपये की ठगी की गई थी। जांच में पता चला कि आरोपी कमीशन के आधार पर जालसाजों को बैंक खाता उपलब्ध करवाते थे। तीसरे मामले में पुलिस ने एपीके फाइल भेजकर ठगी करने वाले गैंग का खुलासा किया। पुलिस ने इस मामले में शामिल लवकेश कुमार और हरभजन को अलीगढ़ यूपी से गिरफ्तार किया। शिकायतकर्ता गुरजीत सिंह ने बताया कि आरोपियों ने बिजली मीटर सत्यापन करने का मैसेज भेजकर कुछ पैसे मांगे और फिर एपीके फाइल के जरिए बैंक खाते ही जानकारी लेकर 16.52 लाख रुपये की ठगी कर ली।
चौथी घटना में एक महिला की निजी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर जालसाजों ने उससे तीन लाख रुपये की ठगी की थी। शिकायतकर्ता महिला ने आरोपी गुलफाम अंसारी पर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसके निजी वीडियो रिश्तेदारों और दोस्तों को भेजकर उसे धमकाने और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने आरोपी को रणहौला से गिरफ्तार कर लिया।
कमीशन पर बैंक खाते मुहैया करवा रहे लोग
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बल्लभगढ़ हरियाणा निवासी शिवा और पुनीत बेरोजगार हैं। अंकित सोनकरिया फूल बेचने का काम करता है। अलीगढ़ यूपी निवासी लवलेश कुमार फार्मेसी में डिप्लोमा और दवा पैकिंग फैक्टरी में काम करता है। अलीगढ़ यूपी निवासी हरभजन बीएससी कर निजी अस्पताल में सहायक के पद पर कार्यरत है। रणहौला निवासी गुलफाम अंसारी दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक है। सभी मामलों की जांच में पता चला कि आरोपी जालसाजों को कमीशन पर बैंक खाता मुहैया करवाए थे।