अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर चिकित्सा अधीक्षक ने किया सुविधा का शुभारंभ
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सफदरजंग अस्पताल में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वंदना तलवार ने महिलाओं के लिए विशेष क्लीनिक का शुभारंभ किया। इसमें महिलाओं के लिए कैंसर, मूत्र रोग विज्ञान व पैरेंट्रल आयरन थेरेपी की सुविधा मिलेगी। यह क्लीनिक प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग के नए ओपीडी ब्लॉक में बनाया गया है।
डॉक्टरों ने बताया कि कैंसर विभाग में महिलाओं में जननांग पथ के प्री-इनवेसिव और इनवेसिव कैंसर की जांच होगी। इसमें गर्भाशय ग्रीवा, डिम्बग्रंथि, एंडोमेट्रियल, वल्वा और योनि कैंसर का पता लगाने के बाद इलाज किया जाएगा। वहीं, मूत्र रोग विज्ञान के क्लीनिक में इससे जुड़ीं सभी बीमारियों (विशेष रूप से रजोनिवृत्ति के बाद की महिलाओं) का उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाने के उद्देश्य से इलाज होगा। जबकि पैरेन्ट्रल आयरन थेरेपी क्लीनिक में गंभीर एनीमिया से पीड़ित सभी प्रसवपूर्व महिलाओं को पैरेन्ट्रल आयरन की आश्यकताएं पूरी होंगी। इसके अलावा क्लीनिक को प्रसवपूर्व जटिलताओं के शीघ्र निदान और समय पर प्रबंधन के लिए अलग अल्ट्रासाउंड मशीन की उपस्थिति से भी सहायता मिलेगी। इस मौके पर अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पीएस भाटिया, डॉ. जयंती मणि, डॉ. कपिल सूरी, डॉ. आरपी अरोड़ा और डॉ. वंदना चक्रवर्ती, प्रसूति एवं स्त्री रोग विभागाध्यक्ष डॉक्टर बिंदु बजाज सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आरएमएल में कार्यक्रम का आयोजन
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में कार्यक्रम हुआ। इसमें अपर सचिव स्वास्थ्य रोली सिंह, सर्जन सीडीएमई दिव्या गौतम, अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शुक्ला सहित अन्य लोग मौजूद रहे। इस मौके पर महिलाओं के स्वास्थ्य देखभाल, रक्षा, सशक्त बनाने सहित अन्य विषय पर चर्चा हुई। साथ ही, कविता, संगीत और नृत्य भी प्रस्तुत किया गया।