नोएडा। एक सरकारी बैंक में जालसाल ने खुद को एक महिला का बेटा बताकर पहले तो महिला के बैंक खाते से लिंक मोबाइल नंबर बदलवा लिया। इसके बाद नेट बैंकिंग शुरू कर महिला के खाते से 44 लाख रुपये ट्रांसफर भी कर लिए। जब महिला ने बैंक जाकर पासबुक अपडेट कराई तब इस फर्जीवाडे़ का पता चला। पीड़िता ने बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस से शिकायत की है। पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक सेक्टर-30 में रहने वाली मंजू कांबले का सेक्टर दो स्थित एक सरकारी बैंक में बचत खाता है। बीते बृहस्पतिवार को उन्होंने बैंक जाकर अपनी पासबुक अपडेट कराई तो पता चला कि उनके खाते से 44 लाख रुपये निकले गए हैं। यह सुनकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने बैंक अधिकारियों से शिकायत की तो पता चला कि एक जालसाज ने उनका बेटा बनकर खाते से लिंक मोबाइल नंबर को बदलवा दिया था और नेट बैंकिंग सेवा शुरू कराई थी। इसके लिए जालसाज ने महिला का फोटो लगाकर सभी प्रक्रियाएं पूरी की थीं। उसने मां को बीमार बताकर नंबर बदलवाया था। आशंका जताई जा रही है कि इस पूरे फ र्जीवाड़ा में बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत है। महिला का खाता 30 साल पुराना है और उन्होंने अब तक कोई डेबिट कार्ड भी इश्यू नहीं कराया है। नोएडा जोन के एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।