सप्ताह भर में हो जन समस्याओं का निपटारा
नूंह। मेवात जिला परिषद के दो दिवसीय अधिवेशन के पहले दिन सोमवार को विभिन्न समस्याओं के निपटान के लिए जिला परिषद के सीईओ महावीर प्रसाद ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी जन समस्याओं का निपटारा एक सप्ताह के अंदर हो जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिला परिषद में आई धनराशि को समान रूप से जिला पार्षदों की सहमति से वितरित कर दिया गया। गांव में कब्रिस्तान, श्मशान घाट और रास्ते के निर्माण के लिए धनराशि आवंटित की गई है। उन्होंने कहा कि सभी पार्षद अपने वार्ड में विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही न बरतें और सरकार के दिशा निर्देशानुसार ही कार्य कराकर विकास कार्यों की गति को बढ़ाएं।
इस दौरान कई जिला पार्षदों ने जिला परिषद की चेयरपर्सन अनीशा बानो के समक्ष अपने वार्ड में बिजली और पानी से संबंधित समस्याएं रखीं। जिला पार्षद जगन सिंह ने बिजली के ट्रांसफार्मर और पानी की समस्या से अवगत कराया। पार्षद मदीना बेगम ने पानी की समस्या के साथ-साथ दो ट्रांसफार्मर रखवाने और बस अड्डे से लेकर दरगाह को जाने वाली बिजली की लाइन व खंभों को बदलवाने की मांग की।