जिले के 9 विद्यार्थियों को मिला इंस्पायर अवार्ड
नूंह। प्रदेश में 651 विद्यार्थियों को इंस्पायर योजना के तहत अवार्ड मिला है। इसमें मेवात सेे 9 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। शनिवार को इंस्पायर योजना के परिणाम जारी हुए थे। इसमें मेवात के विद्यार्थियों ने भी जिले का मान बढ़ाया। इस योजना के तहत विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने 11 लाख 60 हजार रुपये जारी किए हैं। इसमें से प्रत्येक विद्यार्थी को 10 हजार रुपये की धनराशि मिली है। इस योजना में विद्यार्थियों को ऑनलाइन इनोवेटिव आइडिया को भेजना होता है। राष्ट्रीय स्तर पर इन आइडिया की स्क्रूटनी कर यह अवार्ड दिया जाता है। राजकीय मिडिल स्कूल कलरपुरी से नीरज, राजकीय हाई स्कूल मेवली से नफीस, राजकीय मिडिल स्कूल सिलखो से तारिफा, राजकीय कन्या स्कूल जौरासी से छवि, राजकीय मिडिल स्कूल चुंधिका से मोहिन, राजकीय मिडिल स्कूल चीलावली से शरीफ हुसैन, राजकीय वरिष्ठ स्कूल सुंध से स्वीटी, राजकीय वरिष्ठ स्कूल सुंध से तुलसी और राजकीय कन्या मिडिल स्कूल पाड़ा से अंशिका को अवार्ड मिला है।
सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों ने बढ़ाया मान
इस योजना में सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों ने अधिक संख्या में हिस्सा लिया है। अवार्ड प्राप्त जिले के विद्यार्थी भी सरकारी स्कूलों से हैं। इस योजना में लगातार सरकारी स्कूलों की सहभागिता बढ़ रही है। हालांकि, इसमें सरकारी और निजी दोनों स्कूलों के विद्यार्थियों को भाग लेने का मौका मिलता है।
जिले के लिए यह बहुत ही सम्मान की बात है। सरकारी स्कूलों के छात्रों ने यह सम्मान प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया है।
अनूप सिंह जाखड़, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी नूंह।