- राधा स्काई गार्डन सोसाइटी निवासी बोले अब तक नहीं मिलीं पार्किंग से लेकर अन्य सुविधाएं, एसटीपी भी नहीं करता काम
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। राधा स्काई गार्डन सोसाइटी में अग्निशमन उपायों की कमी है। निवासियों के मुताबिक हाल ही में सोसाइटी के एक टावर में आग लग गई थी। तब आग बुझाने के उपकरण काम नहीं आए थे। निवासियों ने अपने घरों से पानी लाकर आग पर काबू पाया था।
रविवार को सोसाइटी में आयोजित अमर उजाला संवाद में निवासियों ने ऐसे ही तमाम समस्याओं की जानकरी दी। उन्होंने कहा कि सोसाइटी में एसटीपी काम नहीं करता। कूड़े का निस्तारण सही ढंग से नहीं होता साथ ही पानी की बर्बादी भी होती है। निवासियों का कहना है कि बेसमेंट में लीकेज और सीपेज के कारण सरिया गलने लगी है। इससे इमारत की मजबूती को खतरा उत्पन्न हो गया है। मामले में कई बार जिम्मेदारों को अवगत कराया गया लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं है। निवासियों को प्रतिदिन अपने साथ कोई न कोई अनहोनी का खतरा सताता रहता है।
निवासियों ने बताया कि बिजली के बिल के नाम पर दोहरी मार पड़ रही है। वीकैम चार्ज एनपीसीएल की ओर से वसूला जा रहा है। जबकि मेंटेंनेस के रूप में भी बिजली का बिल लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पानी की टंकियों में बाल्व नहीं लगाए गए हैं। पानी भर जाने के बाद कोई बंद करने वाला नहीं है। फोन करने के बाद भी मेंटेनेंस की टीम की ओर से पानी की सप्लाई को बंद नहीं किया जाता है। कुत्ते सोसाइटी में निवासियों के लिए आफत बन गए हैं।
निवासियों ने बताया कि तीन लाख रुपये पार्किंग के नाम से ले लिए गए लेकिन अब तक पार्किंग नहीं लोगों को मिल पाई है। गंदा पानी भरे होने के कारण सोसाइटी में डेंगू के मरीज बढ़ते जा रहे हैं।
सोसाइटी में आग बुझाने की कोई व्यवस्था नहीं है। हर टावर के उपकरण खराब हैं। - सत्यव्रत गुप्ता
पानी की बर्बादी सोसाइटी में लंबे समय से हो रही है। इसे तत्काल रोका जाना चाहिए। - अर्चना सिंह
वीकैम के नाम पर लोगों को ठगा जा रहा है। एनपीसीएल और बिल्डर दोनों ओर से वसूली की जा रही है। - मनोज कक्कड़
बेसमेंट में लीकेज व सीपेज के कारण इमारत कमजोर हो रही है। किसी भी दिन घटना घट सकती है। - सत्य प्रकाश यादव
निवासियों को क्लब से लेकर कोई भी अन्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। - अनिल वार्ष्णेय
एसटीपी काम नहीं करता और कूड़े निस्तारण की कोई व्यवस्था नहीं हैंं। - प्रदीप कुमार सक्सेना