-आम्रपाली गोल्फ होम्स व किंग्सवुड सोसाइटी के बेसमेंट में जमा गंदा पानी बना मुसीबत
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित आम्रपाली गोल्फ होम्स और किंग्सवुड सोसाइटी के बेसमेंट में जलभराव और गंदगी के कारण स्थिति बेहद गंभीर होती जा रही है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। आरोप है कि सोसाइटी में दुकानों के दुकानदारों की ओर से लिंटर में छेद कर गंदा पानी बेसमेंट में छोड़ा जा रहा है। तमाम शिकायतों के बावजूद एनबीसीसी, एफएमएस एजेंसी और एओए की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
सोसाइटी के निवासी दिलीप कुमार ने बताया कि सोसाइटी के बेसमेंट में मलबा, कीचड़, कचरे व जलभराव से अटा पड़ा है। एनबीसीसी, एफएमएस एजेंसी और एएओए की ओर से अभी तक बरसात का पानी तक नहीं निकाला गया है। वहीं, दुकानदारों द्वारा लेंटर में छेद कर गंदा पानी सीधे बेसमेंट में छोड़ा जा रहा है। इससे पूरे क्षेत्र में भयंकर दुर्गंध, मच्छर, मक्खियां और कीटाणु पनप रहे हैं। एनबीसीसी, एफएमएस एजेंसी और एओए की लापरवाही और उदासीन रवैये के कारण हालात दिन-प्रतिदिन और खराब होते जा रहे हैं। उनकी मांग है कि बेसमेंट से तुरंत पानी और मलबा हटाया जाए। सफाई और कीटाणुनाशक अभियान चलाया जाए। मच्छरों और बीमारियों से बचाव के लिए फॉगिंग की जाए। दुकानदारों द्वारा बेसमेंट में पानी छोड़ने पर रोक लगाई जाए।