मेरठ। हापुड़ रोड स्थित लोहिया नगर क्षेत्र में कूड़े के ढेर में दो दिन से लगी आग ने जीना मुहाल कर दिया है। लोगों का कहना कि आंखों में जलन और सांस की तकलीफ बढ़ रही है, लेकिन नगर निगम प्रशासन लापरवाह बना हुआ है। निगम अफसरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए सपा कार्यकर्ताओं ने तहरीर दी।
लोगों का आरोप है कि नगर निगम के कुछ कर्मचारी और ठेकेदार जानबूझकर सड़क किनारे और खाली पड़ी जगहों पर कूड़ा फेंक रहे हैं, जिससे प्रदूषण का स्तर बढ़ता जा रहा है। लगातार फैल रहे धुएं और दुर्गंध से इलाके के लोगों में आक्रोश है। लोगों ने शनिवार को लोहिया नगर थाने पहुंचकर नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ तहरीर दी और तत्काल कार्रवाई की मांग की। आग से उठते धुएं के कारण लोहिया नगर, हापुड़ रोड और आसपास के क्षेत्र में रहने वाले लोगों को भारी परेशानी हो रही है। सपा कार्यकर्ताओं ने निगम के खिलाफ लोहियानगर थाने में तहरीर दी। इस दौरान रिंकू बैसला, टोनी गुर्जर, मधु गुर्जर, ओसामा घोसीपुरा, मोहसिन जाहिदपुर, कपिल, रानू, अजय प्रधान, विशाल बैसला, अमित, जसविंदर सिंह, शुभम बैसला, मोहित धामा और यश भड़ाना समेत दर्जनों स्थानीय लोग शामिल रहे।