धर्मशाला/नगरोटा बगवां/इंदौरा (कांगड़ा)। जिले में विभिन्न स्थानों पर दिवाली की रात को आग की घटनाओं से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। इसमें इंदौरा उपमंडल के अंतर्गत झुग्गियां, इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान सहित एक बांस का रेस्टोरेंट जलकर राख हो गए। घटनाओं की सूचना मिलने के बाद अग्निशमन विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
जानकारी के मुताबिक इंदौरा उपमंडल के तहत पंचायत बसंतपुर के गांव त्यौड़ा में दिवाली की रात खुशियों पर कहर टूट पड़ा। रात करीब 11:30 बजे एक भीषण अग्निकांड में एक ही परिवार के चार कच्चे घर जलकर राख हो गए। आग में सतपाल, दो बेटे और प्रेम सिंह और उनकी विधवा बेटी अनीता के कच्चे घर (झुग्गियां) जल गए। आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को भी अपना सामान निकालने का मौका तक नहीं मिला। इस हादसे में टीवी, एलसीडी, फ्रिज, पंखे, डबल बेड, पेटियां, अनाज की टंकियां, चावल और नकदी सहित घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। उपमंडलीय अधिकारी सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि यह सभी परिवार उत्तर प्रदेश के रहने वाले प्रवासी मजदूर हैं। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को फौरी राहत के तौर पर तिरपाल उपलब्ध करवा दी गई हैं। उन्होंने कहा कि नायब तहसीलदार ठाकुरद्वारा और संबंधित पटवारी को मौके का निरीक्षण करने और राशन सहित अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, नगरोटा बगवां उपमंडल के पठियार में भी सोमवार रात सवा नौ बजे स्थानीय निवासी महेश सूद की इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में आग लग गई। महेश सूद रात लगभग आठ बजे अपनी दुकान बंद करके घर चले गए और सवा नौ बजे किसी व्यक्ति ने दुकान से धुआं निकलते देख उनको सूचित किया था। आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया था कि अंदर रखा इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल्स और मोबाइल आदि का सामान जलकर राख हो गया। मौके पर पहुंचे पुलिस के एएसआई पवन कुमार ने अग्निकांड की पुष्टि करते हुए बताया कि आग से दुकान का आठ से 10 लाख रुपये का नुकसान बताया गया है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। नगरोटा बगवां फायर स्टेशन के अनुपम कुमार ने बताया कि उन्हें धर्मशाला फायर स्टेशन से लगभग रात को 9: 30 बजे आग लगने की सूचना मिली थी और वह 9:40 बजे मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया लेकिन अंदर रखा सामान जल गया था। एसडीएम मनीष शर्मा भी मौके पर पहुंच गए थे। इसके अलावा धर्मशाला के समीपवर्ती सुधेड़ स्थित एक निजी रेस्तरां की ऊपरी मंजिल पर बनाए गए बांस के रेस्टोरेंट में आग लगने से नुकसान पहुंचा है। आग लगने का कारण रेस्तरां मालिक ने पटाखे की चिंगारियां बताया है। फायर ऑफिसर धर्मशाला अग्निशमन विभाग कर्म चंद कश्यप ने बताया कि इस रेस्टोरेंट में घरेलू गैस के सिलिंडर भी थे और गनीमत रही कि तापमान इतना नहीं बढ़ा कि यह फटते, जिससे और नुकसान हो सकता था। घटना में रेस्तरां मालिक की ओर से आठ से दस लाख रुपये नुकसान की बात कही जा रही है। उन्होंने बताया कि मनेड और उथड़ाग्रां में पराली में भी आग लगने की घटनाएं हुई थीं, जिनसे करीब 10 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान है।