शासन से निर्देश आने के बाद लागू होगी व्यवस्था, त्योहार के लिए रोडवेज ने पूरी की तैयारी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। रक्षा बंधन पर महिलाओं को रोडवेज की बसों में मुफ्त सफर का तोहफा मिलेगा। डिपो प्रबंधन ने इसकी पुष्टि नहीं की है लेकिन सूत्र बताते हैं कि शासन स्तर से हर बार की तरह इस बार भी महिलाओं के लिए निशुल्क सफर के लिए फरमान जारी होने जा रहा है। निशुल्क सेवा के लिए रोडवेज के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम गौतमबुद्ध नगर के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार के अनुसार, रक्षा बंधन पर यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। जिस तरह का शासन से निर्देश मिलेगा, उसका पालन किया जाएगा।
महिलाओं को पहले मिलेगी सीट
उन्होंने कहा कि चालकों और परिचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि सफर के दौरान महिलाओं की सुरक्षा प्राथमिकता में होनी चाहिए। यदि इसकी शिकायत आई तो सीधे कार्रवाई की जाएगी। भीड़ की स्थिति में महिलाओं को सीट देने में वरीयता दी जाएगी। आसपास शहरों के लिए बसें तीन से चार अतिरिक्त फेरे लगाएंगी। नोएडा और ग्रेटर नोएडा डिपो में 300 से अधिक बसें हैं। ये बसें आगरा, मथुरा, बुलंदशहर, एटा, कासगंज, बदायूं, लखनऊ, बरेली, मेरठ, हाथरस समेत तमाम शहरों के लिए चलती हैं।